दहेज प्रताड़ना में विवाहिता की मौत: पांच गिरफ्तार

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला धूमा में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ कथित मारपीट और बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर पति, सास, जेठ, जेठानी और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के अनुसार थाना इकदिल क्षेत्र के ग्राम मुसावली निवासी अवनीश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन करिश्मा की शादी करीब छह वर्ष पूर्व नगला धूमा निवासी शेर सिंह पुत्र रामचंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज में 50 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग कर विवाहिता को प्रताड़ित करता था।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 15 मई को दोपहर करीब 1:30 बजे पति शेर सिंह, सास रेखा देवी, जेठ मनोज, जेठानी कान्ती और देवर केशव ने करिश्मा के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय इटावा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि मृतका ने पूर्व में फोन पर दहेज को लेकर जान से मारने की धमकी मिलने की बात भी बताई थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नामजद पांचों आरोपियों को गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच जारी है।



