यूपीयूएमएस के ‘वर्ष एक, उपलब्धियां अनेक’

कुलपति ने कॉफी टेबल बुकलेट का किया विमोचन,

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के सफल कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘वर्ष एक, उपलब्धियां अनेक’ नामक कॉफी टेबल बुकलेट का भव्य विमोचन किया गया। इस अवसर पर प्रो.डॉ.अजय सिंह को स्वास्थ्य,शिक्षा एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए राष्ट्रीय सेवा रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं कॉफी टेबल बुकलेट के सामूहिक विमोचन के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव महोदय ने छात्रों ,कर्मचारियों एवं संकायाध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि गत एक वर्ष विश्वविद्यालय के लिए परिवर्तन,नवाचार और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करने वाला रहा है। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान,स्वास्थ्य सेवाओं,अधोसंरचना विकास तथा प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। उन्होंने इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से कुलपति को राष्ट्रीय सेवा रत्न अवार्ड प्राप्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ भी दीं।

कॉफी टेबल बुकलेट में बीते एक वर्ष के दौरान विश्वविद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों,नवीन जनहितकारी पहलों, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार,शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध गतिविधियों तथा भविष्य की विकास योजनाओं को आकर्षक एवं तथ्यपरक रूप में संकलित किया गया है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों,चिकित्सा अधीक्षक,अधिकारियों, कर्मचारी संघों एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। सभी वक्ताओं ने उनके नेतृत्व,कार्यशैली और जनकल्याण के प्रति समर्पित दृष्टिकोण की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय की एक वर्ष की उल्लेखनीय उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि रोगी सेवाओं के विस्तार,आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की स्थापना,नवीन स्वास्थ्य परियोजनाओं के संचालन,शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि तथा ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आगामी वर्ष की सेवा योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं,नई जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नवाचार आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों को और अधिक गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराएगा।

अपने उद्बोधन में कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने राष्ट्रीय सेवा रत्न अवार्ड को विश्वविद्यालय परिवार के प्रत्येक शिक्षक, चिकित्सक,कर्मचारी, छात्र एवं सहयोगी के सामूहिक परिश्रम का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य उत्कृष्ट चिकित्सा शिक्षा,शोध और उपचार के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है। उन्होंने सभी संकाय सदस्यों, अधिकारियों,कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सेवा, संवेदनशीलता और उत्कृष्टता की इसी भावना के साथ आगे भी कार्य करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का समापन विश्वविद्यालय परिवार द्वारा कुलपति प्रो.डॉ. अजय सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति,उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button