राष्ट्रीय अल्पबचत अभिकर्ता संघ का वार्षिक सम्मेलन सम्पन्न, कमीशन बहाली की उठी मांग

मऊ। राष्ट्रीय अल्पबचत अभिकर्ता संघ का वार्षिक सम्मेलन रविवार को मऊ में आयोजित किया गया। सम्मेलन में देश और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अभिकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में अभिकर्ताओं की समस्याओं, पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं तथा कमीशन व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राष्ट्रीय महामंत्री मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि अल्पबचत अभिकर्ता वर्षों से सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अभिकर्ताओं की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में जो कमीशन व्यवस्था लागू थी, उसे पुनः बहाल किया जाना चाहिए। साथ ही पोस्ट ऑफिस में चल रही सभी बचत योजनाओं में अभिकर्ताओं को कार्य करने का अधिकार और उचित कमीशन दिया जाए।

प्रदेश महामंत्री हरे राम गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि मऊ में भ्रष्टाचार को लेकर संगठन लगातार आवाज उठा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बचत अधिकारी डॉ. शैलेश कुमार के खिलाफ संगठन द्वारा कार्रवाई करते हुए उनका निलंबन किया गया है। उन्होंने कहा कि अभिकर्ताओं के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आनंद गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा लंबे समय से अभिकर्ताओं के कमीशन में कोई वृद्धि नहीं की गई है, जिससे अभिकर्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही कमीशन वृद्धि और अन्य मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने मांग की कि पोस्ट ऑफिस में आने वाली सभी नई योजनाओं में अभिकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और उनका निर्धारित कमीशन भी दिया जाए।

सम्मेलन में जिला अध्यक्ष गोरखनाथ सिंह, महामंत्री पंकज कुमार, उपाध्यक्ष सुभाष यादव, मंत्री राजकुमार यादव, श्रवण साहनी, हीरा यादव, पुष्पा श्रीवास्तव, मीरा सिंह, शीला सिंह, वीरेंद्र पांडे समेत बड़ी संख्या में अभिकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अभिकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button