चौपाल में महिलाओं को किया जागरूक
मिशन शक्ति अभियान के तहत नगला सलहदी में लगी चौपाल

जसवंतनगर,इटावा। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत थाना बलरई पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष कृपाल सिंह के नेतृत्व में ग्राम नगला सलहदी में चौपाल आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों व सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
चौपाल के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया। इसमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों का तुरंत उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इसके साथ ही साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी समझाए गए। पुलिस ने विशेष रूप से आगाह किया कि किसी भी अंजान व्यक्ति को ओटीपी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
कार्यक्रम में महिलाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में भी जानकारी दी गई।
थानाध्यक्ष कृपाल सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना है। ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।



