किसान गोष्ठी में उठाई समस्याएं

जसवंतनगर,इटावा। परसौआ में किसानों के हितों, योजनाओं और आर्थिक सुदृढ़ता पर केंद्रित भारतीय किसान यूनियन की गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का संयोजन रामनारायण ने किया।

मुख्य अतिथि के रूप में पंजाब नेशनल बैंक किसान प्रशिक्षण केंद्र सैफई के निदेशक ने किसानों को उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं, सब्सिडी एवं ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ लेकर किसान स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ें जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

विशिष्ट अतिथि भाकियू जिलाध्यक्ष संजीव किसान ने अपने संबोधन में कहा कि यूनियन का उद्देश्य सिर्फ मांगें उठाना नहीं बल्कि किसानों की समस्याओं का समाधान करवाना है। हम संगठित रहेंगे तो बिजली, सिंचाई, मुआवजा और समर्थन मूल्य जैसे मुद्दों पर मजबूत दबाव बना पाएंगे। किसानों के लिए समय-समय पर जिला एवं तहसील स्तर पर बैठकें कर समस्याओं को प्रशासन तक पहुँचाया जाएगा।

विशिष्ट अतिथि समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि युवा स्वरोजगार अपनाएं। किसानों के लिए कई योजनाएं चल रही हैं लेकिन जानकारी के अभाव में किसान उनका लाभ नहीं ले पाते। बैंकिंग योजनाओं से लेकर पशुपालन और लघु उद्योग तक हर क्षेत्र में सब्सिडी उपलब्ध है। उन्होंने मृत किसानों के आश्रितों को आर्थिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी।

विशिष्ट अतिथि बी डी यादव ने किसानों को मृदा परीक्षण कराने व प्राकृतिक खेती और संतुलित मात्रा में जैविक खाद का प्रयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि अंधाधुंध रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति समाप्त होने की कगार पर है इसे बचाना होगा।

गोष्ठी की अध्यक्षता मानव कल्याण समिति के अध्यक्ष जगरामदास आचार्य द्वारा की गई उन्होंने शिक्षा धर्म अध्यात्म व सद्मार्ग की ओर चलने हेतु प्रेरित किया। इसी दौरान ग्रामसभा परसौआ में सर्वसम्मति से हरगोविंद यादव को यूनियन का ग्रामसभा अध्यक्ष चुना गया।

कार्यक्रम में मंडल मीडिया प्रभारी दुर्वेश पायथा, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार यादव, जिला महासचिव चंद्रदीप, जिला प्रवक्ता मुन्नेश यादव, तहसील उपाध्यक्ष मुख्तार सिंह व मनोज कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुमार सहित कई किसान नेता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button