कब्रिस्तान-जैन श्मशान घाट का हुआ कायाकल्प
विधायक निधि से हुआ कब्रिस्तान का कायाकल्प

जसवंतनगर,इटावा। विधायक निधि से रामलीला तिराहे पर स्थित शीशग्रान कब्रिस्तान एवं जैन समाज के श्मशान घाट के जीर्णोद्धार हेतु 9-9 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से दोनों स्थानों पर पक्का फर्श,टीन शेड सहित आवश्यक सुविधाओं का विकास कराया जा रहा है।
शीशग्रान कब्रिस्तान में कराए गए विकास कार्यों का शुभारंभ मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा विधायक प्रतिनिधि अजेंद्र सिंह गौर एवं नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता की मौजूदगी में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बताया कि अब नमाज़-ए-जनाज़ा के दौरान होने वाली असुविधाओं से काफी हद तक राहत मिलेगी। पहले यहां पर्याप्त स्थान और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
इसी क्रम में जैन समाज के श्मशान घाट के कायाकल्प का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिससे वहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान सांसद प्रतिनिधि हाजी मोहम्मद शमीम खान, सपा नगर महासचिव राशिद सिद्दीकी, विनय पांडेय, लड्डन खान सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर कब्रिस्तान कमेटी के सदस्यों को माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हाजी इल्तिमास अहमद,हाजी बिलाल अहमद,हाजी नसीम सिद्दीकी,अजहर मुल्ला,हाजी मुशीर अहमद, मोहम्मद शमीम,पप्पू चौधरी,मोहम्मद आमिर, मुस्तजाब अहमद व मोहम्मद हाशिम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। मुस्लिम व जैन समाज के लोगों ने विधायक शिवपाल सिंह यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।



