आग से बर्बाद फसलों का मुआवजा पचास हजार मिले: किसान सभा

इटावा। किसान सभा के राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री एवं प्रांतीय महामंत्री मुकुट सिंह के नेतृत्व में भरथना तहसील क्षेत्र में अग्निकांड से प्रभावित नगला भोज, सालिमपुर,नगला अंते में फसल नुकसान का आकलन करते हुए सैकड़ो एकड़ फसल बर्बाद होने पर किसानों के साथ सहानुभूति प्रकट करते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल प्रभाव से नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर गेहूं जलने का 50 हजार रूपए प्रति एकड़ तथा भूसा जलने का 18 हजार रूपए प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की।

किसान सभा ने हल्का लेखपालों द्वारा नुकसान को कम दिखाने की चर्चा की कड़ी आलोचना करते हुए एसडीएम से टीम बनाकर निष्पक्ष जांच की मांग की। किसान सभा ने आगामी 28 अप्रैल को इटावा कचहरी पर जिला अधिकारी के समक्ष अग्निकांड,बे-मौसम बरसा, ओलावृष्टि आदि से जनपद भर में हुई फसलों के नुकसान का मुआवजा देने के लिए ज्ञापन देने का एलान किया तथा प्रभावित किसानों से भाग लेने की अपील की।

किसान सभा के नेता मुकुट सिंह के अलावा,माकपा जिला मंत्री एनआर यादव, किसान सभा के जिला अध्यक्ष राम बृजेश यादव, पूर्व अध्यक्ष अनिल दीक्षित, जिला मंत्री संतोष शाक्य, शिव वचन उर्फ बच्चू, प्रधान आपेंद्र यादव,पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह व अरविन्द सिंह,मास्टर लाल सिंह,शेर सिंह,जयवीर सिंह,बलवीर सिंह आदि ने भाग लिया।

Related Articles

Back to top button