गोकुलपुरा में इंटरचेंज निर्माण की मांग तेज, हिंदू जागरण समिति ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

मऊ। जिले के रानीपुर विकासखंड के गोकुलपुरा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर इंटरचेंज और रैंप निर्माण की मांग को लेकर हिंदू जागरण समिति के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से इस मांग पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।
इस दौरान हिंदू जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के समय उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) के अधिकारियों द्वारा स्थानीय लोगों को यह आश्वासन दिया गया था कि गोकुलपुरा के पास इंटरचेंज बनाया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी। लेकिन एक्सप्रेसवे बनकर तैयार होने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
उन्होंने बताया कि इंटरचेंज की सुविधा न होने के कारण गोकुलपुरा और आसपास के गांवों के लोगों को एक्सप्रेसवे का उपयोग करने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। साथ ही आपातकालीन स्थितियों में भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रांतीय मंत्री अमित कुमार वर्मा ने कहा कि यदि गोकुलपुरा में इंटरचेंज बनाया जाता है, तो इससे पूरे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। शिक्षा, व्यापार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी और स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
जिलाध्यक्ष मनीष सिंह और प्रांतीय संगठन मंत्री रवि गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि हिंदू जागरण समिति जनता के मुद्दों पर गंभीर है और इस मामले में आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने इस मांग को नजरअंदाज किया, तो संगठन सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा।
यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष आर्यन सिंह ने भी इंटरचेंज निर्माण को क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र आर्थिक रूप से मजबूत होगा। साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं भी लोगों के लिए अधिक सुलभ हो जाएंगी।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह मुद्दा केवल एक सुविधा का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास से जुड़ा हुआ है। यदि गोकुलपुरा में इंटरचेंज बनाया जाता है, तो इससे क्षेत्र की कई बुनियादी समस्याओं का समाधान हो सकता है और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान गुड्डू सोनकर, रोशन सोनी, सुजीत सिंह चौहान, राजकुमार मौर्य, अंकित प्रजापति, नखडू साहनी, सत्यम गुप्ता, रामाशीष यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



