सर्वजन सुखाय पार्टी ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नौ सूत्रीय मांगों के निस्तारण का दिलाया भरोसा

भरथना,इटावा। सर्वजन सुखाय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद यादव के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी काव्या सी.को नौ सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों, बेरोजगारों, ग्रामीणों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता के चलते किसानों को खाद खरीदने में परेशानी हो रही है। इसलिए खाद लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता समाप्त की जाए। इसके साथ ही खाद,बीज और कीटनाशकों की कथित नकली बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।

पार्टी ने आलू किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि इस वर्ष आलू किसान भारी नुकसान में हैं। इसलिए किसानों को राहत देने के लिए प्रति पैकेट 500 रुपये की अनुदान राशि दी जाए।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर पार्टी ने सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि इन विद्यालयों में गरीब, मजदूर,ग्रामीण और किसान परिवारों के बच्चे बड़ी संख्या में पढ़ते हैं, इसलिए शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाकर बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए। पार्टी ने प्रदेश में शराबबंदी की मांग भी उठाई। ज्ञापन में शराब को परिवारों में कलह, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य सामाजिक बुराइयों का कारण बताते हुए उत्तर प्रदेश में शराबबंदी लागू करने की मांग की गई।

इसके अलावा जौहर विश्वविद्यालय को संरक्षित किए जाने, प्रदेश के नागरिकों विशेषकर ग्रामीणों और किसानों को कम से कम 20 हजार रुपये वृद्धावस्था पेंशन दिए जाने तथा सरकारी विभागों में आरक्षण का पालन करते हुए रिक्त पदों पर निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती कराने की मांग की गई। ज्ञापन में अग्निवीर योजना और आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती बंद करने की मांग भी शामिल रही।

इटावा जिले में जमीनों से जुड़ी शिकायतों को लेकर भी पार्टी ने पिछले 15 वर्षों की कथित अनियमितताओं की जांच के लिए अलग शिकायत प्रकोष्ठ गठित करने, मामलों में मुकदमे दर्ज कराकर पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

इस दौरान प्रदेश प्रमुख महासचिव रामदास, प्रदेश महासचिव अभिलाख,उदय प्रकाश, प्रदेश सचिव सुशील यादव,राजा यादव,अजय राठौर,कानपुर मंडल अध्यक्ष दिनेश,मंडल उपाध्यक्ष मनोज यादव, फिरोजाबाद जिलाध्यक्ष श्याममोहन,मैनपुरी जिलाध्यक्ष कौशल किशोर यादव,इटावा जिलाध्यक्ष विनय यादव समेत सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button