गरीब ने पेश की ईमानदारी की मिसाल

गोलगप्पे विक्रेता ने लौटाए अभिलेख,गैस कनेक्शन बुक और एक हजार की नगदी

जसवंतनगर,इटावा। नगला इंछा निवासी रामदेव गुप्ता भोले जो तहसील के पास नगला अर्जुन मोड़ पर गोलगप्पे यानी पानी पूरी का ठेला लगाते हैं उन्होंने अपनी ईमानदारी से समाज के सामने एक मिसाल पेश की है।

बीती शाम जब रामदेव गुप्ता अपना ठेला समेटकर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी नजर कूड़े के पास पड़ी एक गैस कनेक्शन बुक पर पड़ी। जब उन्होंने उसे उठाकर देखा तो उसमें गैस सिलेंडर की रसीद के साथ एक हजार रूपए भी रखे हुए थे। रामदेव ने तुरंत इस बारे में अपने भाइयों बजरंगी और गोविंद को जानकारी दी। इसके बाद कनेक्शन बुक में लिखे पते के आधार पर भगवानपुरा निवासी महेंद्र सिंह को सूचना भिजवाई गई।

सूचना मिलते ही महेंद्र सिंह की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने बताया कि वह सुबह से ही कनेक्शन बुक और उसमें रखे पैसे को ढूंढ रहे थे और उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अब यह वापस मिल पाएगा। बाद में महेंद्र सिंह का बेटा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां रामदेव गुप्ता ने पूरी ईमानदारी के साथ एक हजार नकद सहित गैस कनेक्शन बुक और आवश्यक अभिलेख उन्हें सौंप दी।

इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने रामदेव गुप्ता की ईमानदारी की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि आज के समय में इस तरह की ईमानदारी बहुत कम देखने को मिलती है। यह घटना समाज में ईमानदारी और भरोसे की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।

Related Articles

Back to top button