दो पक्षों में बवाल-पथराव रामलीला मार्ग जाम

पुलिस ने 16 बवालियों को किया गिरफ्तार

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर नगर के मोहल्ला कंजड़ बस्ती में बुधवार सुबह शराब के नशे में दंगा भड़काने के उद्देश्य दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। लाठी-डंडों,पत्थरों और गुलेल से हुए हमले के कारण रामलीला मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई और इलाके में अफरा- तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 महिलाओं समेत 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया,जबकि 8 अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि फोन पर सूचना मिली थी कि कंजड़ कॉलोनी में दो पक्ष आपस में भिड़कर पथराव कर रहे हैं। मौके पर उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार,शिवशंकर और लालजी पाल पुलिस बल के साथ पहुंचे तो दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर उपद्रवियों को काबू में लिया और थाने लाकर पूछताछ की।

गिरफ्तार आरोपियों में ओम बाबू,मनोज,संजय, पिंटू,समीर,सचिन,अजय, कृष्णा,दीपक,सुमित तथा मधु,सोनम,भारती,पूनम, सुनीता और राखी शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में कुल 19 नामजद और 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button