मजदूरी से इनकार: दबंगों ने घर में घुसकर दलित दंपत्ति को पीटा

लाठी-डंडों से पीटा दंपति घायल

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हवेली भोजपुर गंसरा में दबंगई का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खेत में लहसुन काटने से इनकार करना दलित रामौतार 55 पुत्र बाबूराम कोरी के परिवार को महंगा पड़ गया। गांव के ही नामजद दबंग पिता और उसके दो नामजद पुत्रों समेत तीन दबंगों ने घर में घुसकर पूरे परिवार के साथ अभद्रता पूर्वक गाली गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।

मारपीट और गाली गलौज के शिकार घायलों ने बताया कि नामजद दबंग उसके घर में घुसकर उससे अपने खेतों में लहसुन काटने के लिए दबाव बनाने लगे। जिसपर रामौतार ने असमर्थता व्यक्त करते हुए कहा कि उसके बच्चे पहले से ही दूसरे खेत में गेहूं काटने की मजदूरी का काम कर रहे हैं,जब तक वह काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक वह नया काम नहीं कर सकते। इसी बात को सुनकर दबंगों का पारा बढ़ गया और दबंगों ने अभद्रता के साथ जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।

हमले के दौरान उसे बेरहमी से पीटा गया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। विरोध करने पर परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा गया। घटना के समय घर में उनकी पत्नी सुनीता देवी,पहली पत्नी खिल्लानी (45),बेटी संगीता (14), बेटे अभिषेक (10) और संजीव (8) मौजूद थे,जिनके साथ भी मारपीट की गई।

घटना के बाद खून से लथपथ रामौतार पत्नी सुनीता के साथ किसी तरह कोतवाली पहुंचे। जहां पुलिस ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भेजा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है।

कोतवाल विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद से क्षेत्र के दलितों में आक्रोश की स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button