आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एण्ड एजुकेशन पर सेमिनार का आयोजन

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता
लखनऊ. जनपद के चिनहट स्थित रामा महाविद्यालय में शनिवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एण्ड एजुकेशन विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. नीतू सिंह, लखनऊ विश्वविद्यालय एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. राजकुमार, इंदिरा गांधी नेशनल ट्राइबल विश्वविद्यालय अमरकंटक मध्य प्रदेश एवं डॉ. कृष्ण कुमार पाण्डेय, डॉ सी वी रमन विश्विद्यालय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा ऑनलाइन भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. नीतू सिंह को संस्था के निदेशक एवं कार्यक्रम की संयोजक द्वारा मोमेंटो और शॉल द्वारा उनका अभिनंदन और सम्मानित किया। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा स्वागत भाषण के माध्यम से सभी का औपचारिक स्वागत और अभिनंदन किया गया तथा अपने विचारों के माध्यम से उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के शिक्षा क्षेत्र में बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला।
सेमिनार की संयोजक डॉ. कल्पना वर्मा ने अपने मुख्य वक्तव्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के शैक्षिक उपयोग, नवाचार तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इसके उपरांत मुख्य अतिथि डॉ. नीतू सिंह ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में शिक्षा में एआई के सकारात्मक प्रभावों एवं चुनौतियों पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक महोदय एवं सेमिनार के संरक्षक अभिषेक यादव ने भी अपने विचार प्रस्तुत करते हुए आधुनिक शिक्षा प्रणाली में तकनीकी समावेशन की आवश्यकता पर बल दिया तथा सभी शिक्षकों को तकनीकी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने की अपील की और खुद को अपडेट करने के लिए प्रेरित किया। सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें एआई के उपयोग, लाभ एवं सीमाओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही दो तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 40 शोधपत्र पढ़े गए जिसमें विशेषज्ञों ने ऐआई पर शोधपरक विचार साझा किए।
कार्यक्रम के समापन सत्र में सेमिनार की उपलब्धियों एवं निष्कर्षों पर चर्चा की गई एवं सर्टिफिकेट वितरण किए गए। महाविद्यालय के प्रबंधक महोदय एवं मुख्य संरक्षक मनोज यादव ने अपने संबोधन में इस प्रकार के आयोजनों को समय की आवश्यकता बताते हुए सभी प्रतिभागियों को प्रेरित किया।
अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।



