8 वर्षीय दिव्यांग कृष्ण को मिली व्हीलचेयर, पढ़ाई की राह भी होगी आसान

रेड क्रॉस सोसायटी के दिव्यांग सशक्तिकरण अभियान के तहत जिलाधिकारी ने किया सहयोग, बहन की शिक्षा जारी रखने पर भी जोर

गाजियाबाद। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी गाजियाबाद के तत्वावधान में चलाए जा रहे दिव्यांग सशक्तिकरण अभियान के तहत जिलाधिकारी कार्यालय में 8 वर्षीय दिव्यांग बच्चे कृष्ण को व्हीलचेयर प्रदान की गई। रेड क्रॉस गाजियाबाद के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने अपने कर कमलों से बच्चे को व्हीलचेयर सौंपी।

कृष्ण दोनों पैरों से दिव्यांग है और वर्तमान में घर पर ही रहता है। उसकी मां घरों में बर्तन साफ करने और झाड़ू-पोंछा लगाने का काम करती हैं। बच्चे की देखभाल के लिए उसकी बड़ी बहन को अक्सर घर पर रुकना पड़ता है, जिसके कारण उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

जिलाधिकारी ने लाभार्थी परिवार से विस्तार से संवाद कर उनकी परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने कृष्ण को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उसकी शिक्षा और भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने बड़ी बहन की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए परिवार को स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस सेवा कार्यक्रम को रेड क्रॉस गाजियाबाद के निवर्तमान सभापति सुभाष गुप्ता द्वारा प्रायोजित किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. सचिन वैश्य (सीएमओ), राकेश गुप्ता, एम.सी. गौड़ तथा बच्चे की कोच रजनी डोंडियाल भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को ड्राई फ्रूट का डिब्बा भी प्रदान किया। व्हीलचेयर मिलने पर लाभार्थी परिवार ने रेड क्रॉस सोसायटी और जिला प्रशासन का बार-बार आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रयास दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button