NSS के तत्वावधान में यूथ पार्लियामेंट, आपातकाल से मिले सबक पर हुई चर्चा

मऊ। डी.सी.एस. पी.जी. कॉलेज, मऊ में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में “इमरजेंसी के 50 साल: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय लोकतंत्र के ऐतिहासिक अनुभवों से अवगत कराना और उनमें संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के कुलपति प्रो. संजीव कुमार रहे। उन्होंने अपने संबोधन में आपातकाल के ऐतिहासिक संदर्भों पर विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण दौर था, जिससे हमें बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव सजग और जागरूक रहें।

विशिष्ट अतिथि ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मंच युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देता है। उन्होंने छात्रों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. चंद्र प्रकाश राय द्वारा किया गया, जिसमें डॉ. रविंद्र तिवारी ने सहयोग प्रदान किया। यूथ पार्लियामेंट के दौरान विद्यार्थियों ने सत्तापक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाते हुए आपातकाल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रभावशाली ढंग से तर्क-वितर्क प्रस्तुत किए। इस दौरान छात्रों की तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और विषय की समझ स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु गठित निर्णायक मंडल में डॉ. रामनिवास राय, डॉ. विनोद तिवारी, प्रो. निर्मल सिंह (प्राचार्य, मर्यादा पुरुषोत्तम पीजी कॉलेज, रतनपुरा), डॉ. शैलेंद्र कुमार पांडे (असिस्टेंट प्रोफेसर, सर्वोदय पीजी कॉलेज, घोसी) तथा डॉ. हेमंत कुमार यादव (जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे, मऊ) शामिल रहे। सभी निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के परिणामों में सौम्या सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कृष्णा कुमार द्वितीय और साक्षी सिंह तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को सम्मानित किया गया और उनके प्रयासों की सराहना की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शर्वेश पाण्डेय ने की। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के बौद्धिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संयोजन राशि मिश्रा, उप निदेशक, मेरा युवा भारत द्वारा किया गया।

अंत में नोडल अधिकारी डॉ. विशाल कुमार जायसवाल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम सफल और यादगार बन गया।

Related Articles

Back to top button