राष्ट्रीय विज्ञान दिवस: इनोविस्टा मे प्रतिभा का विस्फोट

जसवंतनगर,इटावा। चौधरी सुघर सिंह वर्ल्ड स्कूल में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर “इनोविस्टा-विज्ञान एवं ज्ञान उत्सव” का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर नवाचार, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का केंद्र बना रहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विज्ञान,गणित, सामाजिक विज्ञान,भाषाएँ एवं कंप्यूटर विषयों से संबंधित आकर्षक मॉडल, कार्यशील प्रोजेक्ट, वैज्ञानिक प्रयोग और शोध आधारित प्रस्तुतियाँ प्रदर्शित कीं। प्रत्येक प्रस्तुति में विद्यार्थियों की विषय पर गहरी पकड़,तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
कार्यक्रम संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव के मार्गदर्शन तथा स्वधा हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. अंजलि यादव के सहयोग में, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मनराज कौर नामधारी के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।
विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षकों के समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में विशेष रूप से विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रस्तुति कौशल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
नन्हे प्री-प्राइमरी विद्यार्थियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और सीखने की प्रेरणा प्राप्त की।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्या ने कहा कि वर्तमान समय में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक ज्ञान सफलता की कुंजी हैं। विद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक, कौशल-आधारित एवं मूल्यपरक शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे ज्ञान,रचनात्मकता और उत्कृष्टता का प्रेरणादायी उत्सव बताया गया।


