घोसी चीनी मिल को लेकर आप का प्रदर्शन, GM को सौंपा ज्ञापन

मऊ। घोसी स्थित दी किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड में मिल बंदी की आशंका और किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और किसानों ने जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में जोरदार शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और किसानों ने मिल परिसर के बाहर इकट्ठा होकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान प्रबंधक (GM) को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में मांग की गई कि वर्तमान पेराई सत्र में चीनी मिल को पूरी क्षमता से लगातार चलाया जाए और किसानों को अन्य चीनी मिलों में गन्ना भेजने की व्यवस्था तुरंत बंद की जाए। साथ ही गन्ने की तौल, पर्ची वितरण और भुगतान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि मिल संचालन से जुड़े सभी निर्णय लिखित रूप में किसानों को उपलब्ध कराए जाएं तथा मिल में हुए निर्माण कार्यों और वित्तीय खर्चों की उच्चस्तरीय जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

प्रधान प्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि घोसी चीनी मिल बंद नहीं होगी और किसानों के हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिल संचालन को सुचारु रूप से जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि घोसी चीनी मिल के खिलाफ लगातार साजिश की जा रही है और जनपद मऊ का दुर्भाग्य रहा है कि यहां बंद हुई मिलें दोबारा चालू नहीं हो सकीं। उन्होंने कहा कि जिले में दो मंत्री होने के बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे जनता का विश्वास कम होता जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की जायज मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी किसानों के साथ मिलकर भूख हड़ताल, धरना-प्रदर्शन और व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और मिल प्रबंधन की होगी।

इस मौके पर ए.के. सहाय, मनोज कुमार, सुशील वर्मा, विशाल पाण्डेय, रामचंद्र कुमार, प्रकाश नारायण कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button