हाईवे पर तेज रफ्तार आर्टिका कार ट्रक में घुसी
कार सवार सात में मामा- भांजे की मौके पर हुई मौत अन्य सभी घायल
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर जौनई चौकी के पास एक पेट्रोल पंप के सामने सोमवार सुबह दिल्ली जा रही तेज रफ्तार अनियंत्रित अर्टिगा कार अपने आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।सड़क हादसे में कार सवार सात लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। हमीरपुर जिले के थाना सरीला के इस्लामपुर गांव के चेतराम 62 वर्ष पुत्र देशराज जो मूल रूप से दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते हैं।
21 फरवरी को दिल्ली में संपन्न हुई अपने छोटे बेटे राजेंद्र की शादी की पारिवारिक रस्म की अदायगी करने परिवार सहित अपने पैतृक गांव इस्लामपुर हमीरपुर गए हुए थे। रविवार को गांव के ही मंदिर में शादी की रस्म पूर्ण कर रविवार की रात को ही एक अर्टिगा कार से चेतराम अपनी पत्नी गिरिजा देवी 60 वर्ष,पुत्र राजेश उम्र 29 वर्ष व राजेंद्र उम्र 26 वर्ष, पुत्रवधू अंजलि 26 वर्ष पत्नी राजेश व नवबधू रेशमा देवी 22 वर्ष पत्नी राजेंद्र और जालौन निवासी अपने भांजे सुखवासी पुत्र जंगीलाल कुल सात लोगों के साथ कार से दिल्ली वापसी के लिए निकले थे।
सोमवार अलख सुबह करीब 3 बजे अर्टिगा कार सवार जैसे ही थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर इटावा से आगरा जाने वाली सड़क पर जौनई चौकी के पास एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तभी कार के कानपुर से चावल लेकर गुजरात जा रहे ट्रेलर ट्रक में तेज रफ्तार अर्टिगा कार पीछे से जा घुसी,कार का आगे का हिस्सा ट्रक में बुरी तरह फस गया। घटना से चीख पुकार के साथ अफरा तफरी मच गई। आसपास के लोग और चौकी की पुलिस घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। जबरदस्त टक्कर से कार के आगे हिस्से में बुरी तरह फंसे मामा-भांजे चेतराम और सुखवासी की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष कमल भाटी ने सबसे पहले घायल गिरिजा देवी,राजेश, राजेंद्र,रेशमा देवी,अंजलि को कार से निकाल कर एंबुलेंस द्वारा इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। कार में बुरी तरह फंसे मृतक चेतराम और सुखवासी को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। वही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे सभी घायलों को केंद्र अधीक्षक डॉ.वीरेंद्र ने प्राथमिक उपचार के बाद चिंताजनक हालत देखते हुए सैफई पीजीआई के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए। पुलिस और हाईवे इंसिडेंट मैनेजर सुनित चौहान ने दुर्घटनाग्रस्त कार व ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर कर बाधित हो रहे यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने ट्रक के चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। घटना से परिजनों में कोहरा मचा हुआ है।
एक घंटे पूर्व ही बदला था कार का ड्राइवर
घटना से भयभीत मृतक चेतराम के बड़े पुत्र राजेश ने बताया कि एक घंटा पहले सब कुछ सही था। इटावा से पूर्व एक पंप पर कार में सीएनजी डलवाई और सभी ने चाय पी। गाड़ी को छोटा भाई राजेंद्र चला रहा था। सुखबीर ने चालक बदलने की बात कहकर कर खुद कार चलाने लगा और जसवंतनगर के आगे यह घटना हो गई। घटना में अपने पिताजी और रिश्ते के भाई को खोकर राजेश फफक फफक कर रोने लगा।



