सैफई में बस मालिक से मारपीट, तीन नामजद समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज

इटावा। सैफई थाना क्षेत्र में बस मालिक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विपिन उर्फ विमल पुत्र बीरेंद्र सिंह, निवासी नगला बली, थाना भरथना ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 20 फरवरी की रात अपनी बस के पीछे कार से नोएडा जा रहे थे। आरोप है कि सैफई क्षेत्र के नगला कहरी रोड़ गांव के आगे बिना नंबर कार सवार लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली और बोले हमारी सवारियों से पैसे क्यों लिए कहकर विवाद करने लगे।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे बस मालिक को चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब से नगदी सहित गले में पड़ी जंजीर भी ले गए जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने मिली तहरीर पर जितेंद्र यादव, सनी यादव, नरेंद्र निवासी बदरिया पूठ ऊसराहार सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ऑटो-बाइक की टक्कर में दो घायल
जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड पर बंद पड़ी टॉकीज के सामने ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के थाना कुर्रा क्षेत्र के ग्राम नगला डुंडे निवासी 32 वर्षीय मनोज पुत्र सियाराम एक बीज कंपनी में एमआर हैं। वह सर्विस रोड से बाइक द्वारा मार्केटिंग कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ऑटो ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार मनोज तथा ऑटो की साइड सीट पर बैठे धरवार निवासी 29 वर्षीय रामसरन पुत्र रामकिशोर उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।



