महिलाएं हेल्पलाइन नंबरों की रखें जानकारी
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण में पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक

जसवन्तनगर,इटावा। मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को थाना बलरई पुलिस ने थाना क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं को पुलिस आपातकालीन सेवा 112,स्वास्थ्य सेवा 102 व 108,वूमेन पावर लाइन 1090,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098,महिला हेल्पलाइन 181,मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया। महिलाओं से किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में पुलिस ने साइबर अपराधों से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें और संदिग्ध या अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें। ऑनलाइन लेनदेन और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने के लिए भी जागरूक किया गया।
इस दौरान महिलाओं को जागरूकता पंपलेट वितरित कर सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में किया गया। पुलिस ने कहा कि महिला सुरक्षा और जनजागरूकता को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।



