जगदीशपुर क्रिकेट फाइनल में एहसार इलेवन सोनबरसा चैंपियन

संवाददाता सुल्तानपुर
सुलतानपुर। बल्दीराय तहसील क्षेत्र के रैना जगदीशपुर में आयोजित स्वर्गीय पंडित कालीदीन तिवारी स्मारक लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा।
खिताबी मुकाबले में एहसार इलेवन सोनबरसा ने ताज इलेवन दौनौ को 9 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एहसार इलेवन सोनबरसा की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 104 रन बनाए।
टीम की ओर से शोएब ने 31 गेंदों में 41 रनों की शानदार और आक्रामक पारी खेली, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।लक्ष्य का पीछा करने उतरी ताज इलेवन दौनौ की टीम कड़े मुकाबले के बावजूद 15 ओवरों में 8 विकेट खोकर 95 रन ही बना सकी।
इस तरह सोनबरसा की टीम ने 9 रनों से फाइनल मुकाबला जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट के प्रयोजक तिलकराम यादव ने विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को रेंजर साइकिल देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को इमरान मोनू एवं शोएब की ओर से फर्राटा पंखा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इसौली विधायक ताहिर खान उपस्थित रहे। मैच में अंपायर की भूमिका सोनू तिवारी और विपिन राज ने निभाई।शानदार कमेंट्री दिलीप कुमार एवं सूर्यनाथ शुक्ला ने की,जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी कमलेश कुमार और राधेश्याम तिवारी ने संभाली।आयोजन समिति से विजय पांडेय, उमेशचंद्र पांडेय, जीपू पांडेय, विजय सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



