विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा पर जोर
ब्लॉक सभागार में प्रधानाध्यापकों को मिला प्रशिक्षण

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर ब्लॉक सभागार में विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के अध्यक्षों,सदस्यों एवं विकास खंड के सभी प्रधानाध्यापकों का एक दिवसीय विकास खंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों के सुचारु संचालन,गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा विद्यालय और समाज के बीच सामुदायिक सहभागिता को और अधिक मजबूत करना है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ होती है। समिति के सक्रिय सहयोग से ही परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार संभव है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान समिति की भूमिका, दायित्वों एवं अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कहा कि विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने,बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने,स्वच्छता, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता तथा सकारात्मक शैक्षिक वातावरण तैयार करने में एसएमसी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला समन्वयक मनोज धाकरे ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रधानाध्यापकों एवं विद्यालय प्रबंध समिति के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने पारदर्शिता,जवाबदेही एवं सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों में शिक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं,स्कूल प्रबंधन, वित्तीय प्रावधानों तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में विकास खंड के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक,विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



