सरल, सहज व होशियार बेटियों के गुणों का हुआ वर्णन
देवी महापुराण कथा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

सुलतानपुर| कटका क्षेत्र में आयोजित नव दिवसीय देवी महापुराण कथा के अष्टम दिवस (शुक्रवार) को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोकांचल श्री अंजनी माता संकीर्तन सेवा समिति एवं कटका क्लब सामाजिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में चल रही इस कथा में भक्तिभाव और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कथा के दौरान देवी भगवती की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया गया। “देवी भगवती हो तोहरे बिंदिया विन्ध्याचल लहराय…” जैसे लोकगीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
व्यासपीठ से वक्ता ने भगवान वाराह अवतार का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने संदेश दिया कि समाज में उत्पात और अन्याय का अंत करने के लिए सदैव सजग और उद्देश्यपूर्ण जीवन जीना चाहिए।
इसके साथ ही गंगा अवतरण की कथा का भी मार्मिक वर्णन किया गया। “शिव की जटा से निकली गंगा की लहरिया…” भजन गाकर कथावाचक ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव-पार्वती विवाह की मंगलमयी झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह भावुक हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान व्यासपीठ का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर सचिन वर्मा, राम सिंह, ईश्वर चंद गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। साथ ही कटका क्लब अध्यक्ष डॉ सौरभ मिश्र विनम्र,विजय नारायण सिंह, शीतला प्रसाद पाण्डेय, शिव शुक्ल , राजकुमार मिश्र, सुनीता श्रीवास्तव, मिंटू सिंह प्रधान आदि ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर कथा का आनंद लिया। पूरे आयोजन में भक्तों ने भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ भाग लिया, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो उठा।



