वृद्ध महिला से लूट: गला दबाकर किया बेहोश

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सीपुरा में रविवार की दोपहर खेत में चारा काट रही एक वृद्ध महिला के साथ दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने वृद्ध महिला का गला दबाकर बेहोश कर दिया और सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सीपुरा गांव निवासी 65 वर्षीय मालती देवी पत्नी राकेश प्रजापति रविवार दोपहर करीब तीन बजे घर से लगभग 200 मीटर दूर रेलवे लाइन पार स्थित लाह के खेत में पशुओं के लिए चारा काट रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात बदमाश वहां पहुंचा और पहले उनसे बातचीत करने लगा। इसके बाद पीछे से आकर बदमाश ने अचानक मालती देवी का गला दबा दिया,जिससे वह बेहोश हो गईं।
बदमाश ने इस दौरान उनके कानों के सोने के कुंडल, नाक की नथनी और पैरों में पहनी चांदी की पायल उतार ली और मौके से फरार हो गया। काफी देर बाद होश आने पर घायल अवस्था में मालती देवी किसी तरह घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी और घायल वृद्धा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया,जहां उनका इलाज चल रहा है। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ओम राजपूत ने बताया कि वृद्धा के गले और मुंह पर चोट के निशान हैं, उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के खेतों व इलाके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।



