फॉर्म 7 के जरिए नाम कटवाने की साजिश का आरोप

सपा नेताओं ने जिलाधिकारी व सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग

संवाददाता सुल्तानपुर

सुल्तानपुर। मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के विभिन्न संगठनों ने फॉर्म 7 के माध्यम से पिछड़ा,दलित व अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं के नाम संगठित तरीके से कटवाने का गंभीर आरोप लगाया है।

इस संबंध में समाजवादी पार्टी जिला अध्यक्ष रघुवीर यादव, इसौली विधायक पूर्व सांसद मोहम्मद ताहिर खान,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पृथ्वी पाल यादव,पूर्व विधायक अनुप सांडा, पूर्व विधायक चन्द्र भद्र सिंह (सोनू), पूर्व विधायक भघेलूराम, समाजवादी पार्टी के महासचिव सलाउद्दीन, विधानसभा अध्यक्ष स्वामीनाथ यादव,जिला सचिव सुरेश यादव,ब्लॉक अध्यक्ष बल्दीराय बृजेश यादव, डॉ० नरेंद्र बहादुर यादव, एससी एसटी युवजन प्रकोष्ठ के विधानसभा अध्यक्ष देवीदीन कोरी,मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शहजाद अहमद,समाजवादी युव जन सभा के जिलाध्यक्ष शिव मंगल तिवारी और समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष सुरेश यादव ‘भजन’ ने संयुक्त रूप से सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।नेताओं का कहना है कि गांवों और नगर क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्री-प्रिंटेड फॉर्म 7 भरकर बीएलओ के पास जमा कराए जा रहे हैं।

फॉर्मों पर एक जैसी लिखावट,समान हस्ताक्षर और थोक में जमा दस्तावेज यह संकेत देते हैं कि यह व्यक्तिगत प्रक्रिया नहीं,बल्कि सुनियोजित प्रयास है।जिलाध्यक्ष शहजाद अहमद ने आरोप लगाया कि विशेष रणनीति के तहत वैध मतदाताओं को चिन्हित कर उनके नाम हटाने की तैयारी की जा रही है,जो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कई मामलों में आपत्ति दर्ज कराने वाले संबंधित क्षेत्र के निवासी नहीं हैं।

सपा नेताओं ने कहा कि निर्वाचन नियमों के अनुसार नाम काटने से पहले नोटिस और सार्वजनिक सूचना अनिवार्य है,लेकिन बिना भौतिक सत्यापन के ही कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी संदिग्ध फॉर्म 7 तत्काल निरस्त करने,दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और वीडियोग्राफी के साथ सत्यापन की मांग की है।

Related Articles

Back to top button