गणतंत्र दिवस पर श्री राज हंस जूनियर हाईस्कूल में मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

धम्मौर (सुलतानपुर)। त्रिलोकपुर स्थित श्री राज हंस जूनियर हाईस्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और बच्चों व शिक्षकों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सुपरस्टार अवधी गायक-कलाकार संजय यदुवंशी के बड़े भाई शिवा यादव ने गत शैक्षिक सत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कार, माता-पिता व गुरुजनों के सम्मान तथा शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही समाज में जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपचंद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमें केवल अधिकार ही नहीं देता, बल्कि कर्तव्यों और समानता का भी बोध कराता है। उन्होंने छात्रों से स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं के बलिदान को स्मरण कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विद्यालय के डायरेक्टर ज्ञान सिंह यादव ने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा संजय यदुवंशी की टीम की सराहना की गई।



