शिक्षा ही वह माध्यम है जो राष्ट्र को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाती है- बाल चंद्र सिंह

सुलतानपुर। राणा प्रताप पी.जी. कॉलेज में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर क्षत्रिय शिक्षा समिति एवं महाविद्यालय के अध्यक्ष एडवोकेट संजय सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों समानता, स्वतंत्रता और न्याय को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है। महाविद्यालय के प्रबंधक बाल चंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो राष्ट्र को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाती है। विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
प्राचार्य प्रो. डी.के. त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि “गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति आस्था का प्रतीक है। महाविद्यालय निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही विषयवार विश्वविद्यालय परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं देशभक्ति के उद्घोष के साथ हुआ।



