खेल किट से गांवों में पूरा होगा युवाओं का सपना

ऊँचाहार, रायबरेली। गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को तराशने और युवाओं को नई दिशा देने के लिए क्षेत्र के खुर्रमपुर गांव के पूर्व प्रधान विदुर तिवारी ने गांव के युवाओं को खेल किट का वितरण किया। किट पाकर युवाओं के चेहरे चमक उठे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ ही उनके जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास भरते हैं।
उन्होंने कहा कि आज के गांवों से निकली ऊर्जा ही कल प्रदेश और देश का भविष्य तय करेगी। गांव की प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चमक सकें। इसके लिए युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किट का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि कॅरिअर और तरक्की की राह भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि खेल किट मिलने से युवा खिलाड़ी नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे। इस मौके पर उन्होंने खुर्रमपुर के साथ हिसामपुर गांव के युवाओं को खेल सामग्री का वितरण किया गया । इस अवसर पर विमलेश कुमार , मनीष , अजय , आलोक , रमन , भीम , राज लोधी , शिवम् , मुकेश , विपिन कुमार , कुलदीप लोधी आदि लोग मौजूद थे।
————-‐—————————
गांव का पोलिंग बूथ बदले जाने के विरुद्ध प्रधान ने उठाई आवाज
ऊँचाहार, रायबरेली। तहसील क्षेत्र के गांव सिंगापुर भटौली के मतदाताओं का पोलिंग बूथ बदले जाने का ग्राम प्रधान ने विरोध किया है , उन्होंने एसडीएम को पत्र सौंपकर इस कार्य पर नाराजगी जताते हुए इसे यथावत करने की मांग की है ।
गांव की महिला प्रधान श्यामकली ने बताया कि लोकसभा और विधान सभा चुनाव में उनके गांव में दो बूथ बनते थे । अब इसमें परिवर्तन करके मेरे गांव का बूथ बिछियावादी गांव के बूथ में जोड़ दिया गया है । जिसकी दूरी हमारे गांव से घूमकर करीब सात किमी है । जो निर्वाचन आयोग की मंशा के विपरीत है । इससे गांव के मतदाताओं को परेशानी होगी और मतदान प्रतिशत पर असर पड़ेगा । एसडीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में ग्राम प्रधान ने लोकहित में इस परिवर्तित व्यवस्था को रद्द करके पूर्व की भांति गांव में ही बूथ बनाने की मांग की है।



