मनरेगा बचाओ संग्राम चौपाल में आज शिरकत करेंगे सांसद राहुल गांधी

ऊँचाहार, रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व रायबरेली सांसद राहुल गांधी मंगलवार को दोपहर 1 बजे ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के उमरन में आयोजित मनरेगा बचाओ संग्राम चौपाल में शिरकत करेंगे। सांसद के कार्यक्रम को लेकर यहां पार्टी कार्यकर्ताओं एवं लोगों में खासा उत्साह है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अतुल सिंह ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि जननायक राहुल गांधी जी मंगलवार दोपहर को उमरन स्थित स्टेट बैंक के निकट तिरुपति द कुंवर गार्डन में मनरेगा श्रमिकों व स्थानीय लोगों को संबोधित करेंगे। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा मजदूरों के हक पर कुठाराघात हो रहा है। सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना के बजट में भारी कटौती की है जिससे मजदूरों की रोजी रोटी पर कुठाराघात किया गया है। राहुल गांधी इसी आवाज को बुलंद करने और मनरेगा को बचाने के संकल्प के साथ रायबरेली की जनता के बीच आ रहे हैं। प्रदेश सचिव ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में लोगों से भारी संख्या में पहुंचने की अपील की है।
विद्यालय का ताला तोड़कर एमडीएम का सामान उठा ले गए चोर
ऊँचाहार, रायबरेली। चोरों ने शीतकालीन अवकाश में बंद चल रहे जूनियर स्कूल का ताला तोड़कर एमडीएम का सामान उठा ले गए । सोमवार को मामले की सूचना कोतवाली में दी है । पुलिस मामले की छानबीन कर रही है ।
घटना कोतवाली क्षेत्र के जूनियर स्कूल डिडौली का है । इस स्कूल के प्रधानाध्यापक राजेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि शीतकालीन अवकाश के कारण स्कूल बंद था । बीती 16 जनवरी को स्कूल खोला गया तो किचन का दरवाजा टूटा हुआ था । जब किचन के अंदर जाकर देखा गया तो खाना पकाने का एलपीजी सिलेंडर , गैस चूल्हा और एमडीएम का अन्य सामान गायब था । घटना के बाद मामले की जानकारी तत्काल विभागीय अधिकारियों को दी गई । इस मामले में एक तहरीर कोतवाली में भी दी गई है । कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है , जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी ।



