यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना: बाइक पर पांच युवक सवार
रेलवे ओवरब्रिज सर्विस मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक का वीडियो हुआ वायरल

भरथना, इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में यातायात पुलिस द्वारा लगातार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता संदेश दिए जा रहे हैं,बावजूद इसके कुछ नवयुवक अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं।
ताजा मामला बुधवार का है भरथना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ओवरब्रिज से सामने आया है,जहां एक बाइक पर पांच नवयुवक सवार होकर तेज रफ्तार बाइक पर दौड़ते नजर आए। खतरनाक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ओवरब्रिज के सर्विस मार्ग की ओर एक ही बाइक पर पांच युवक सवार होकर यादव नगर की दिशा में जा रहे हैं। न तो हेलमेट, न ही यातायात नियमों की कोई परवाह,मानो कानून का कोई डर ही न हो।
जानकारों के मुताबिक इस तरह की लापरवाही न सिर्फ इन युवकों की जान के लिए खतरा है,बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को भी गंभीर जोखिम में डालती है। इसके बावजूद भरथना क्षेत्र में अब तक ऐसे नियम उल्लंघन करने वालों पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है,जिससे युवाओं के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
अब सवाल यह उठ रहा है कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद क्या यातायात पुलिस संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी या फिर ऐसे ही नियमों की धज्जियां उड़ती रहेंगी।



