शराब के नशे में उजड़ा हंसता-खेलता घर! पति ने बेरहमी से पीटा, फिर मासूम बच्चों को भी छीना

घरेलू हिंसा में महिला की काउंसलिंग

जसवंतनगर,इटावा। नगर में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक विवाहिता ने अपने पति पर शराब के नशे में मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच, कानूनी कार्रवाई और नाबालिग बच्चों की सुरक्षा की मांग की है।

पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी लगभग 11 वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो नाबालिग बच्चे हैं। आरोप है कि 12 दिसंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे पति शराब के नशे में घर आया और मामूली विवाद को लेकर बेरहमी से मारपीट की। महिला का कहना है कि पति रोजाना शराब पीकर देर रात घर लौटता है और बच्चों के सामने अमानवीय व्यवहार करता है, जिससे बच्चे मानसिक रूप से आहत हो रहे हैं।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के बाद उसे घर से निकाल दिया गया और प्रभावशाली लोगों के सहारे पति दोनों नाबालिग बच्चों को जबरन अपने साथ ले गया, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

तहरीर के आधार पर थाना जसवंतनगर स्थित महिला हेल्प डेस्क पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बाल संरक्षण अधिकारी सोहन गुप्ता, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी वंदना भदौरिया, श्रम परिवर्तन अधिकारी अशोक कुमार पांडेय, समाज कल्याण विभाग के पंकज कुमार तथा अधिकार मित्र ऋषभ पाठक और कुमारी नीरज द्वारा पीड़िता की काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग के दौरान पीड़िता संतुष्ट नजर आई।

अधिकारियों ने सीडब्ल्यूसी में आवेदन दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की है, जहां बच्चों के बयान के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button