संविधान दिवस: धरतीपुत्र किसान यूनियन ने निकला पैदल मार्च

जसवंतनगर,इटावा। संविधान दिवस एवं किसान आंदोलन की पाँचवीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन धरतीपुत्र किसान ने आज किसानों की समस्याओं के निस्तारण हेतु जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। संगठन के बैनर तले नहर कोठी से तहसील तक शांतिपूर्ण किंतु प्रभावशाली पैदल मार्च निकाला गया। मार्च में शामिल किसानों ने एक स्वर में कृषि व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
मार्च के दौरान किसान कार्यकर्ताओं ने संविधान के मूल्यों न्याय, समानता और अधिकार को दोहराते हुए कहा कि देश के निर्माण में किसान की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और इसके बावजूद किसान आज भी संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन की वर्षगांठ किसानों के बलिदान और संघर्ष की याद दिलाती है तथा यह आंदोलन किसानों की आवाज़ को बुलंद रखने का प्रतीक है।
मार्च तहसील पहुंचने पर किसानों ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री को 11 सूत्री मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सिंचाई व्यवस्था सुधारने, एमएसपी को कानूनी दर्जा देने, बिजली दरों में राहत, फसल बीमा दावों में पारदर्शिता, राजस्व व पुलिसीय उत्पीड़न रोकने, क्षतिग्रस्त फसलों का उचित मुआवजा देने, कृषि इनपुट लागत कम करने, खरीद केंद्रों पर मनमानी समाप्त करने, तथा ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने जैसी मांगें शामिल रहीं।
किसान नेताओं ने कहा कि नहरों में समय से पानी नहीं छोड़े जाने के कारण सिंचाई प्रभावित होती है, वहीं खाद–बीज की कीमतें लगातार बढ़ने से कृषि लागत बढ़ गई है। खरीद केंद्रों की अनियमितताओं और कटौती से किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पाता, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।
मार्च के दौरान किसानों ने सरकार को चेताया कि यदि मांगे जल्द पूरी नहीं हुईं तो संगठन को व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि धरतीपुत्र किसान यूनियन हमेशा किसानों की आवाज़ उठाती रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष सनी माधव, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव दिनेश कुमार, प्रदेश महासचिव डॉ प्रतीक यादव, मंडल प्रवक्ता अमर पाल सोला, जिला संरक्षक अशोक क्रांतिकारी, जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र राजपूत, छात्र सभा जिलाध्यक्ष हिमांशु यादव गोरे, जिला उपाध्यक्ष सर्वेश, जिला सचिव गिरिजा शंकर पाल, जिला सचिव विजय यादव, जिला मंत्री युवा मोर्चा अरुण रामौतार यादव, ब्लॉक सचिव कृष्ण यादव, ब्लॉक सचिव युवा मोर्चा भुवनेश कपिल, प्रजापति राम प्रकाश, आनंद, नगर अध्यक्ष अरविंद, अर्चित, सोबरन सिंह गुड्डे, अनुज, राजीव, आदित्य सहित बड़ी संख्या में किसान, युवा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय ग्रामीण शामिल रहे।



