कृषक गोष्ठी में फसल बीमा की मिली जानकारी

किसान क्रेडिट कार्ड कैसे बने दी बैंक कर्मियों ने जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। सिसहाट गांव में पंजाब नेशनल बैंक किसान प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आयोजित स्थलीय कृषक गोष्ठी में प्रधानमंत्री फसल बीमा,किसान क्रेडिट कार्ड, प्राकृतिक खेती और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कृषि विशेषज्ञ राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके केंद्र पर कृषि आधारित प्रशिक्षण नियमित रूप से नि:शुल्क आयोजित होते हैं। साथ ही सिलाई, ब्यूटी पार्लर और कंप्यूटर जैसे कोर्स भी संचालित हैं, जो युवाओं को रोजगार से जोड़ने में सहायक हैं।

समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने किसानों को एफपीओ व्यवस्था के बारे में बताया कि इससे किसानों की उपज का बेहतर मूल्य मिलता है और सामूहिक रूप से खाद-बीज व अन्य सुविधाएं सस्ती मिलती हैं। उन्होंने बाल सेवा योजना का उल्लेख कर जरूरतमंद बच्चों को योजनाओं से जोड़ने की अपील भी की।

प्राकृतिक खेती विशेषज्ञ अरविंद प्रताप सिंह परिहार ने देसी गाय पर आधारित प्राकृतिक खेती, जीवामृत-बीजामृत बनाने की विधि और इसके लाभों को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से लागत कम और मिट्टी की सेहत बेहतर होती है।

विशेषज्ञ बी.डी. यादव ने खेती की गुणवत्ता बढ़ाने, फसल चक्र, मिट्टी परीक्षण और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर किसानों को मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में किसान नेता मुन्नेश यादव,मनोज यादव,केहरी सिंह,चंद्रदीप, जसवीर, तहसीलदार सिंह, कर्मवीर,शिव कुमार,अर्चित आदि किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button