सड़क हादसे में घायल किसान की मौत
इलाज के दौरान किसान की हुई मौत

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र में चार दिन पूर्व 12 नवम्बर को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए किसान की शनिवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कैस्त निवासी मुकेश कुमार पुत्र चिरौंजी लाल जाटव उम्र 55 वर्ष बुधवार सुबह लगभग 8 बजे कचौरा रोड स्थित अपने खेत पर पैदल जा रहे थे। उसी दौरान जसवंतनगर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया था। चार दिन तक जीवन और मौत के बीच जूझने के बाद शनिवार सुबह मुकेश कुमार ने दम तोड़ दिया। उनकी मृत्यु की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे दो बेटे आलोक और पृथ्वी एक बेटी कु. कीर्ति को छोड़ गए हैं। वहीं उनकी वृद्ध मां फूलनश्री का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना से शोक की लहर है। परिजनों ने बाइक सवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू करदी है।



