बढ़ती जनसंख्या विश्व के समक्ष महत्वपूर्ण चुनौती: कुलपति

सैफई,इटावा। विश्व जनसंख्या सप्ताह के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार कल्याण विषय पर एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन स्त्री एवं प्रसूति विभाग में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ.अजय सिंह ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या आज विश्व के समक्ष एक महत्वपूर्ण चुनौती है। सीमित संसाधनों के बीच जनसंख्या में निरंतर वृद्धि स्वास्थ्य,शिक्षा,रोजगार, पर्यावरण तथा सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है।
उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण केवल सरकारी योजनाओं से ही संभव नहीं है,बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जागरूक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने परिवार नियोजन,मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा छोटे परिवार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण के लिए जनसंख्या स्थिरीकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने परिवार के संबंध में महिलाओं की भूमिका को समाज में स्थापित करने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारी मातृ शक्ति इस बात की जिम्मेदारी ले कि वे कैसे परिवार नियोजन कार्यक्रम को क्रियान्वित कर सकती हैं।
गोष्ठी में स्त्री एवं प्रसूति विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.कल्पना कुमारी ने भी जनसंख्या नियंत्रण, परिवार नियोजन के आधुनिक साधनों तथा प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का सफल संचालन परिवार नियोजन नोडल अधिकारी प्रो.डॉ.प्रगति द्विवेदी द्वारा किया गया।



