बाल दिवस पर छात्रों ने मचाया धमाल

जसवंतनगर,इटावा। चौ. सुघर सिंह वर्ल्ड स्कूल में बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक भव्यता के साथ मनाया गया।

संस्था के एमडी अनुज मोंटी यादव ने बच्चों की उपस्थिति के बीच पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बच्चों ने बाल दिवस पर विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

एक्शन के साथ कविताएँ, सामुदायिक सेवक थीम प्रस्तुति, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, रंग भरने की गतिविधि, नृत्य एवं लघु नाटिका आदि प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। छोटे बच्चों की कविताएँ और राइम्स विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, वहीं फैंसी ड्रेस में बच्चों द्वारा डॉक्टर, सैनिक, पुलिसकर्मी, अध्यापक, किसान आदि की भूमिका निभाकर समाज में सेवाकार्यों के महत्व का संदेश दिया गया।संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल दिवस बच्चों के सपनों, अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य को सम्मान देने का दिन है।

चौ.सुघर सिंह वर्ल्ड स्कूल प्रत्येक बच्चे की प्रतिभा को पहचानकर उसे श्रेष्ठ दिशा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यालय का उद्देश्य है कि बच्चे शिक्षा के साथ आत्मविश्वास,रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक व्यक्तित्व के साथ आगे बढ़ें।उन्होंने छात्रों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

प्रधानाचार्या मंनराज कौर नामधारी ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है जब वह ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों, व्यक्तित्व विकास, शिष्टाचार और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत बनाए। हमारा विद्यालय सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के उपरांत छात्रों में चॉकलेट, उपहार और मिठाइयाँ वितरित की गईं। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम में अमित तिवारी, नेहा पाल सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Related Articles

Back to top button