कार्तिक पूर्णिमा स्नान: लालबाग चौकी प्रभारी के निर्देशन में शांति व सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ आयोजन

मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा
मुरादाबाद। पावन कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर शनिवार को रामगंगा नदी के तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर पुण्य अर्जित किया। काली माता मंदिर के पास बने घाटों पर सुबह से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
भोर 4:00 बजे से ही चौकी प्रभारी लालबाग अपने पुलिस बल के साथ मुस्तैदी से व्यवस्थाएं संभालते नजर आए। उन्होंने स्वयं लाउडहेलर से श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान के निर्देश दिए, विशेषकर छोटे बच्चों को गहरे पानी में न जाने की अपील करते हुए। मेले में प्रशासन द्वारा नाव और गोताखोरों की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे स्नान करने आए श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
दिनभर श्रद्धालुओं ने मां गंगा की पूजा-अर्चना की, दीपदान किया और दान-पुण्य के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए। इस मौके पर बच्चों के मुंडन संस्कार भी संपन्न हुए, वहीं जगह-जगह प्रसाद वितरण और भंडारे आयोजित किए गए।
पूरे मेले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और पुलिस की चौकसी के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की इस मुस्तैदी की सराहना की। संपूर्ण मेला सकुशल संपन्न होने पर श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त किया।



