सरायलखंसी थाने में धूमधाम से मनाई गई सरदार पटेल जयंती, बच्चों और पुलिसकर्मियों ने निकाली पैदल मार्च

सुजीत कुमार मऊ।

मऊ। जिले के थाना सरायलखंसी परिसर में मंगलवार को लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा एकता दिवस के रूप में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत थाने परिसर में सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम यादव, इंस्पेक्टर हरिंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने सरदार पटेल के देश के एकीकरण में दिए गए योगदान को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, संगठन क्षमता और दूरदर्शिता से देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। उनका जीवन हमें एकता, अनुशासन और देशभक्ति का संदेश देता है।

कार्यक्रम के बाद थाना परिसर से गाजीपुर तिराहा तक स्कूली बच्चों और पुलिसकर्मियों की एक भव्य पैदल मार्च निकाली गई। इस दौरान “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” तथा “सरदार पटेल अमर रहें” जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए। मार्च के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।

मार्च में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरदार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पूरे मार्ग पर स्थानीय लोगों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मौके पर पुलिसकर्मियों के अलावा शिक्षकों, विद्यार्थियों और क्षेत्रीय लोगों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button