आरोप: शिक्षक ने छात्र को डंडे से पीटा
पीड़ित में कोतवाली में सौंपी लिखित शिकायत

भरथना,इटावा। भरथना कस्वा के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 के छात्र ने अंग्रेजी शिक्षक पर डंडे से बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। छात्र का कहना है कि शिक्षक की पिटाई से उसकी नाक और पीठ में चोट आई है। मामले में छात्र ने थाना भरथना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम मेढ़ी दुधि निवासी चिराग बाबू पुत्र बादशाह कक्षा 11 का छात्र है। पुलिस को दी तहरीर में उसने बताया कि 12 सितंबर को वह रोजाना की तरह कॉलेज गया था। तीसरे घंटे की कक्षा समाप्त होने के बाद वह स्कॉलर से संबंधित कुछ कार्य के लिए कॉलेज के दूसरे कमरे में गया था। कुछ देर बाद लौटकर वह अपनी कक्षा के बाहर खड़ा था। छात्र का आरोप है कि इसी दौरान कक्षा में पढ़ा रहे अंग्रेजी के शिक्षक ने उसे बिना किसी वजह के डंडे से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि शिक्षक ने उसके मुंह और पीठ पर डंडे मारे, जिससे नाक और पीठ में चोट आई। घटना के बाद छात्र ने थाना भरथना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और शिक्षक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर के समय छात्र हमारे पास आया था जिस पर शिक्षक को भी मौके पर बुलाया गया। शिक्षक को समझा दिया गया है। शिक्षक द्वारा बताया गया कि मेरा इरादा डंडा मारने का नही था। गलती से डंडा लग गया है,साथ ही प्रधानाचार्य का कहना है कि उक्त घटना की जानकारी प्रबंध समिति को भी दी जाएगी।
पीड़ित छात्र का प्रार्थना पत्र मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



