जंगली सूअर के हमले से किसान गंभीर घायल

सैफई पीजीआई में इलाज को कराया भर्ती

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में बुधवार सुबह क्षेत्र के ग्राम घुराह में अपने खेतों में काम कर रहे एक किसान पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बुधवार सुबह उक्त गांव निवासी किसान राकेश बाबू उम्र करीब 52 वर्ष अपने खेतों की देखरेख कर रहे थे, इसी दौरान पास के ही खेतों में शिकारियों ने जंगली सूअरों के झुंड पर गोली चला दी।

गोली लगने से घायल सूअर भागते हुए राकेश बाबू के खेत में पहुंच गया और उन पर टूट पड़ा।हमले में किसान राकेश बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए।उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण किसान लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और सूअर को भगाने का प्रयास किया।

काफी जद्दोजहद के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह राकेश बाबू को बचाया और उन्हें घायल अवस्था में इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया।जहां डॉक्टरों ने गंभीर अवस्था को देखते हुए उन्हें सैफई पीजीआई के लिए रेफर कर दिया।

घायल किसान के पुत्र मुकेश कुमार ने बताया कि उनके पिता की हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में जंगली सूअरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे किसानों की फसलें भी बर्बाद हो रही हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से जंगली जानवरों से सुरक्षा के ठोस इंतजाम किये जाने की माँग की है।

Related Articles

Back to top button