नगर मजिस्ट्रेट विजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक हुई संपन्न

बैंकों में लम्बित आवेदनों का सत्यापन कर निस्तारण कराने के दिए निर्देश

मऊ नगर मजिस्ट्रेट विजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।

बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन ने पिछले माह की बैठक में लिए गए निर्णय के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों से अवगत कराया। साथ ही बैठक में विभिन्न एजेंडा बिन्दुओं के संबंध में विस्तृत रूप से बताया गया।

जनपद में निवेश प्रस्ताव हेतु इंटेंट तथा इनके धरातल पर लाने के संबंध में उपायुक्त ने बताया कि जनपद में निवेश हेतु कुल 122 इंटेंट के एमओयू साइन हुए हैं जिसमें रुपया 27163.94 करोड़ पूंजी निवेश तथा 26290 का रोजगार सृजन प्रस्तावित है। उक्त एमओयू प्रस्तावों में से 39 प्रस्ताव जिसमें लगभग रुपया 920 करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर आ चुके हैं। जिसमें से 29 प्रस्तावों का कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो चुका है। उद्यमी मित्र ने समिति को बताया कि अगले माह में एक और प्रस्ताव का कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत जनपद को भौतिक 123 तथा वित्तीय 238 लाख रुपए का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, इसमें 107 आवेदन पत्र बैंकों में प्रेषित हैं, 43 आवेदन पत्र स्वीकृत तथा 33 आवेदन पत्रों पर वितरण की कार्रवाई विभिन्न बैंकों द्वारा कर दी गई है। एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण मार्जिन मनी योजना के अंतर्गत जनपद को भौतिक 33 तथा वित्तीय में 99 लाख रुपए का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।

इस योजना के अंतर्गत 30 आवेदन पत्र विभिन्न बैंकों में प्रेषित किया जा चुका है, जिसमें 18 आवेदन पत्रों पर स्वीकृति तथा 11 आवेदन पत्रों पर वितरण की कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत जनपद को भौतिक लक्ष्य 1850 का प्राप्त हुआ, इस योजना के अंतर्गत 1850 के सापेक्ष 2659 आवेदन पत्र विभिन्न बैंकों को प्रेषित किया जा चुका है, जिसमें 1030 आवेदन पत्रों पर स्वीकृति एवं 1018 आवेदन पत्रों पर वितरण की कार्रवाई विभिन्न बैंकों द्वारा कर दी गई है।

नगर मजिस्ट्रेट द्वारा उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए गए कि योजना परक विभिन्न योजनाओं से प्राप्त आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाएं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि निवेश इस प्रकार कराएं कि कार्य धरातल पर दिखाई दे सिर्फ नाम के निवेश न रहे। बैंकों में लम्बित आवेदनों का सत्यापन कर निस्तारण कराने के निर्देश लीड बैंक मैनेजर को दिए गए।

बी 9 औद्योगिक क्षेत्र के ऊपर से बिजली विभाग का 33000 वोल्ट का पोस्ट शिफ्ट किए जाने के संबंध में नगर मजिस्ट्रेट ने बजट आवंटन के लिए जिलाधिकारी स्तर से पत्र भेजने के निर्देश उपायुक्त को दिए।

औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर मऊ के नालों की सफाई के संबंध में नगर मजिस्ट्रेट द्वारा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए गए कि नालों की साफ सफाई एवं मरम्मत का कार्य समय-समय पर कराते रहें। औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में विद्युत सब स्टेशन बनाने के संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत भुवन राज सिंह ने बताया कि जल्द ही सब स्टेशन बनाने की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।

नगर मजिस्ट्रेट ने उद्यमियों द्वारा उठाए गए समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर कराने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता विद्युत भुवन राज सिंह, लीड बैंक मैनेजर अनिल कुमार सिन्हा सहित सभी उद्यमी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button