Weight Loss Tips: पानी पीने से वजन घटाने में मदद | भारत में मोटापे का समाधान

Weight Loss Tips: भारत में मोटापे की समस्या एक गंभीर स्वास्थ्य संकट बन चुकी है और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के आंकड़े इसके बढ़ने का संकेत दे रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में यह समस्या और भी चिंताजनक है, जहां करीब 20-30 फीसद युवा और 10-15 प्रतिशत बच्चे अधिक वजन से जूझ रहे हैं। बदलती जीवनशैली, शारीरिक गतिविधियों की कमी, टेंशन, अधूरी नींद इस स्थिति को और बिगाड़ रहे हैं। हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने वजन घटाने के एक आसान और प्रभावी उपाय के बारे में जानकारी दी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने ट्वीट में बताया कि वजन को नियंत्रित रखने में पानी की अहम भूमिका होती है। इसमें कहा गया है कि वजन कम करने की दिशा में यह एक सरल और प्रभावी कदम हो सकता है। मंत्रालय ने बताया कि पर्याप्त पानी पीने से शरीर स्वस्थ रहता है और यह जीवनशैली को बेहतर बनाने में मदद करता है। मंत्रालय द्वारा जारी एक ग्राफिक में यह भी बताया गया कि पानी की कमी से शरीर में थकान और कमजोरी बढ़ सकती है। एक इंसान का शरीर लगभग 55-60 फीसद पानी से बना होता है और इस पानी का संतुलन बनाए रखना बहुत अहम है।
पानी पीने से वजन घटाने में मदद (Weight Loss Tips)
शोध से ये स्पष्ट हुआ है कि जो लोग अधिक मात्रा में पानी पीते हैं, उनका वजन कम होने की संभावना ज्यादा होती है। उदाहरण के लिए भोजन से पहले 500 मिलीलीटर पानी पीने से वृद्ध और मध्यम आयु वर्ग के व्यक्तियों में भूख कम होती है और शरीर में ऊर्जा की खपत भी घटती है। इसके साथ ही, कोल्ड ड्रिंक की बजाय पानी पीने से औसतन बॉडी का वजन 0.33 किलोग्राम तक कम हो सकता है। शोध में ये भी सामने आया कि हाइपोहाइड्रेशन (पानी की कमी) से न सिर्फ वजन बढ़ सकता है बल्कि ये शुगर जैसी समस्याओं का भी कारण बन सकता है।
सवेरे खाली पेट खाएं ये 3 सुपरफूड्स, शरीर बन जाएगा लोहा
भोजन से पहले पानी पीने के फायदे
एक्सपर्ट का मानना है कि भोजन से पहले पानी पीने के कई फायदे हो सकते हैं। हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग के वरिष्ठ संकाय संपादक डॉ. रॉबर्ट एच. श्मर्लिंग के अनुसार, अगर आप भोजन से पहले पानी पीते हैं, तो पेट जल्दी भर जाता है और आपको कम खाने का एहसास होता है। कई शोध यह दिखाते हैं कि जो लोग भोजन से पहले पानी पीते हैं, उनका वजन उन लोगों से कम रहता है, जिन्होंने ये आदत नहीं अपनाई।
इसके अलावा पानी पीने से पेट की नसें मस्तिष्क को यह संकेत भेजती हैं कि अब खाने का वक्त समाप्त हो गया है। अगर आप सामान्यत: उच्च कैलोरी वाले पेय पदार्थों का सेवन करते हैं, तो पानी पीने की आदत आपको वजन कम करने में मदद कर सकती है।



