शिक्षक विनीत श्रीवास्तव और रजनी खत्री को मिला एडुलीडर्स सम्मान

रायबरेली। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट कार्यों को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ के नेडा प्रशिक्षण केंद्र में शुक्रवार को आयोजित विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत 2047 विषय पर हुई शिक्षक संगोष्ठी एवं एडुलीडर्स सम्मान समारोह में रायबरेली के दो शिक्षकों विनीत श्रीवास्तव सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय खैरहना विकास क्षेत्र अमावां और रजनी खत्री कंपोजिट विद्यालय बेड़ारु विकास क्षेत्र शिवगढ़ को सम्मानित किया गया।
उन्हें यह सम्मान बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को बढ़ावा देने और प्रचारित करने के लिए दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव पशुपालन एवं मत्स्य विभाग उत्तर प्रदेश मुकेश कुमार मेश्राम रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व आएएस डॉ. दयानंद, पूर्व शिक्षा निदेशक डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह और संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह व आशुतोष द्विवेदी रहे। शिक्षक विनीत श्रीवास्तव ने बताया कि यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि उन सभी शिक्षकों का है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।



