डकैती की योजना नाकाम, पुलिस ने हथियारों संग पांच अपराधियों को पकड़ा

पुलिस अधीक्षक मऊ इलामारन के निर्देशन में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दक्षिण टोला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए पांच शातिर अपराधियों को दबोच लिया। इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहे, कारतूस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
सोमवार 13 अक्टूबर 2025 को देर रात लगभग 3:50 बजे थाना दक्षिण टोला पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त के दौरान थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम रैनी के पास रैनी बगीचा इलाके में घेराबंदी की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में मौके से पांच अभियुक्त गिरफ्तार किए गए, जो डकैती की योजना बना रहे थे।
अभियुक्तों की पहचान विजय कश्यप पुत्र ध्यान कश्यप निवासी डोमनपुरा, आकाश सोनकर पुत्र मुनीब सोनकर निवासी अस्तुपुरा, विशाल सिंह पुत्र स्वर्गीय मनोज सिंह निवासी कल्याणपुर, अंकित सोनकर पुत्र राजाराम सोनकर निवासी अस्तुपुरा तथा धनंजय राजभर पुत्र राजेश राजभर निवासी कल्याणपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक अदद पिस्टल 32 बोर, एक जिंदा कारतूस 32 बोर, दो नाजायज तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस 315 बोर, एक रिवॉल्वर 32 बोर, एक टॉर्च, पांच मोबाइल फोन, ₹470 नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
थाना दक्षिण टोला में अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा संख्या 215/2025 धारा 310(4)/310(5) बीएनएस एवं 9/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सभी गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके विरुद्ध पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, लूट और अवैध असलहा रखने के मामले शामिल हैं।
इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक इलामारन ने दक्षिण टोला पुलिस टीम की सराहना की और कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध सघन अभियान निरंतर चलता रहेगा।



