श्री आदर्श रामलीला ज्वालानगर में हुआ भव्य रावण दहन, भारी भीड़ रही मौजूद

मंडल मुरादाबाद प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा
रामपुर। विजयादशमी के पावन अवसर पर ज्वालानगर स्थित श्री आदर्श रामलीला समिति द्वारा आयोजित भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
मुख्य कार्यक्रम में समाजसेवी अवधेश शर्मा, पीयूष अग्रवाल, मुकेश, सुरेश अग्रवाल, डॉक्टर तेजवीर यादव, सुभाष चंद्र सक्सेना, चितरंजन श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में भगवान राम के जयकारे लगाते हुए असत्य पर सत्य की विजय का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम के दौरान शहर विधायक आकाश सक्सेना विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने श्रीरामचंद्रजी की आरती कर पूजा-अर्चना की और तत्पश्चात रावण दहन के ऐतिहासिक दृश्य का अवलोकन किया।
जैसे ही भगवान श्रीराम ने प्रतीकात्मक रूप से रावण का वध किया, विशालकाय पुतले में अग्नि प्रज्वलित हुई और पूरा वातावरण जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। रावण दहन का अद्भुत नजारा देखकर वहां मौजूद हजारों लोगों में रोमांच और श्रद्धा का भाव उमड़ पड़ा।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी रामलीला का मंचन और रावण दहन का आयोजन पूरी परंपरागत श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें सदैव याद दिलाता है कि बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत हमेशा सत्य और धर्म की ही होती है।
रावण दहन के अवसर पर पूरे परिसर में मेले जैसा माहौल रहा। बच्चों और महिलाओं ने सांस्कृतिक झांकियों व आतिशबाजी का भरपूर आनंद लिया। प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।



