पिलखुवा में ठाकुर अजय चौहान द्वारा सहभोज कार्यक्रम, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण होंगे मुख्य अतिथि

पिलखुवा (जिला हापुड़)। कन्हा श्याम मंडप, पिलखुवा में आगामी 5 अक्टूबर को दीपावली एवं दशहरा के शुभ अवसर पर ठाकुर अजय चौहान (पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बेहट, सहारनपुर) के संयोजन में हिंदू समाज का सहभोज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर श्री बृजभूषण शरण होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जैसलमेर राजघराने की वरिष्ठ सदस्या महारानी श्रीमती राज्य लक्ष्मी भाटी करेंगी।
कार्यक्रम को निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर पूज्य शाश्वत आनंद जी महाराज तथा गाजियाबाद के दूधेश्वर नाथ पीठ के महंत पूज्य श्री नारायण गिरी जी महाराज का संरक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
प्रेस को संबोधित करते हुए ठाकुर अजय चौहान ने बताया कि सहभोज कार्यक्रम का उद्देश्य सनातन धर्म में एकता और जागृति पैदा करना है, ताकि विभिन्न पंथों और वर्गों में बंटा समाज राजनीतिक शोषण का शिकार न हो।
इस अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिला अध्यक्ष दुष्यंत प्रताप सिंह ने कहा कि यह आयोजन देशहित में बलिदान देने वाले वर्ग को जागृत करने का प्रयास है। वहीं, नोएडा जिला अध्यक्ष ठाकुर सतपाल सिंह ने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों और कानून व्यवस्था की प्रशंसा की।
कार्यक्रम संयोजक एवं महासभा के प्रदेश महामंत्री रविंद्र चौहान (निवासी महमदपुर) ने सरकार से स्वरोजगार बढ़ाने, बैंकों से सस्ते ऋण उपलब्ध कराने और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने की मांग की।
अंत में ठाकुर अजय चौहान ने सभी सनातनी वर्गों और पंथों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सनातन धर्म को एकजुट और सशक्त बनाने के इस प्रयास को सफल बनाएं।



