चोरों ने दिया बड़ी घटना को अंजाम लगभग 20 लाख रुपए के जेवरात व नगदी किया पार

ऊँचाहार, रायबरेली। बुधवार की शाम नगर के रेलवे स्टेशन रोड पर एक दवा व्यवसाई के यहां चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम देते हुए लगभग 20 लाख रुपए के जेवरात और नगदी को पार कर दिया , जबकि रात में अप्टा गांव के एक घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने लगभग पांच लाख रुपए कीमत का माल पार कर दिया है । एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी की बड़ी वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
नगर के रेलवे स्टेशन रोड निवासी शैलेश गुप्ता कस्बा के रेलवे स्टेशन रोड स्थित अपने निजी मकान में दवा का व्यवसाय करते हैं । रोज की तरह बुधवार की देर शाम दुकान बंद कर परिवार समेत पास के रामलीला मैदान में हो रही दुर्गा आरती में सम्मिलित होने गए हुए थे।
इसी बीच अज्ञात चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। जहां रखी हुई अलमारी तथा लाकर का ताला तोड़ दिया। दवा व्यवसाई शैलेश गुप्ता ने बताया है कि साढ़े तीन लाख रुपए नगद तथा करीब 17 लाख रुपए कीमत के सोने चांदी के आभूषण लाकर व अलमारी में रखे हुए थे। जिसे अज्ञात चोर चुरा ले गए। व्यापारी का आरोप है कि बस स्टैंड चौराहे पर रात दिन पुलिस की मौजूदगी बनी रहती है।
इसके बावजूद बेखौफ बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। उधर कोतवाली क्षेत्र के अपटा मजरे इटौरा बुजुर्ग गांव में एक किसान के घर से चोरी की घटना सामने आई है। किसान अजीत प्रताप सिंह के घर से चोरों ने 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चुरा लिए।
बुधवार की रात की घटना है।
किसान अजीत प्रताप सिंह अपने परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। उनकी वृद्ध मां बरामदे में सो रही थीं। रात के अंधेरे में चोर दरवाजे से घर में घुसे। उन्होंने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सभी गहने चुरा लिए।
बृहस्पतिवार की सुबह जब परिवार की नींद खुली तो अलमारी खुली और सामान बिखरा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इलाके में पिछले कुछ समय से रात में छतों पर ड्रोन की उड़ान और संदिग्धों की आवाजाही से ग्रामीण परेशान हैं। चोरी की घटनाओं के कारण ग्रामीण रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।इस बाबत कोतवाल संजय कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सख्त कार्रवाई की जाएगी।



