सपा की एकजुटता से धोखेबाज बेचैन : इ.वीरेंद्र यादव

रायबरेली। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय सुपर मार्केट में ऊँचाहार विधानसभा क्षेत्र के डिलौली ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान एवं वरिष्ठ समाजसेवी राम अभिलाख यादव को जिला अध्यक्ष इ.वीरेंद्र यादव द्वारा समाजवादी पार्टी का सक्रिय सदस्य बनाकर सम्मानित किया गया जिला अध्यक्ष ने कहा कि राम अभिलाख यादव की सक्रियता से ऊंचाहार क्षेत्र में समाजवादी पार्टी और अधिक मजबूत होगी।
समाजवादी पार्टी के बढ़ते जनाधार से अवसरवादियों में बेचैनी बढ़ी है।इस अवसर पर पूर्व प्रधान राम अभिलाख यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिये ऊंचाहार क्षेत्र से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा घोषित प्रत्याशी के पक्ष में अपना बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजय दिलायी जाएगी।धोखा देने वाले लोगों को ऊँचाहार का आमजनमानस नकार कर बाहर करेगा।
पार्टी कार्यालय पर जिला उपाध्यक्ष राजेश मौर्या,महासचिव मो.अरशद खान,हसनैन ख़ान,कृपा शंकर यादव,अरुण प्रताप यादव रेहान काजियाना,जय सिंह,आलोक यादव,राधेश्याम लोधी,चंद्रप्रकाश आज़ाद,देवतादीन यादव आदि द्वारा पूर्व प्रधान राम अभिलाख यादव का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया।
————————————————–
पुरानी रंजिश में हुए खूनी संघर्ष में आठ लोग घायल
ऊँचाहार, रायबरेली। पुरानी रंजिश में हुए खूनी संघर्ष में कुल आठ लोग लोग घायल हो गये, घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
पुरे पासिन मजरे मतरौली गाँव निवासी राजाराम व भागीरथ के परिवार के बीच विवाद चल रहा है।बताते हैं कि राजाराम के भाई रामदेव ने कुछ दिनों पहले मारपीट का केस दर्ज कराया था, इसी बात की रंजिश में गुरुवार की देर शाम भागीरथ के परिवार के लोग गाली गलौज कर रहे थे, जब राजाराम ने इस बात पर विरोध जाहिर किया तो आरोप है कि एक दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर घर में मौजूद लोगों को मारपीट लहूलुहान कर दिया।
घटना में राजाराम 65 वर्ष, पत्नी सुमेरा 60 वर्ष, भाई रामदेव 55 वर्ष, बेटा इंद्रपाल 26 वर्ष, पोता अभिषेक 17 वर्ष, शिवम 15 वर्ष, सोनाली 12 वर्ष तथा दूसरे पक्ष से भागीरथ का बेटा श्याम मोहन 28 वर्ष घायल हो गये।सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से राजाराम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
इस बाबत कोतवाल सजंय कुमार ने बताया मामले में राजाराम की तहरीर पर मारपीट, बलवा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
————————————
एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न
ऊँचाहार, रायबरेली। नवरात्रि को लेकर कोतवाली परिसर में एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें मौजूद आयोजकों को शासन से मिले निर्देशों के पालन की अपील की गई ,इसके अलावा जरूरी दिशा निर्देश दिये गए ।

शुक्रवार को आयोजित पीस कमेटी की बैठक में एसडीएम राजेश श्रीवास्तव ने नवरात्रि में दुर्गा पूजा का आयोजन करने में आयोजकों से कहा कि सजने वाले दुर्गा पूजा पंडालो में आग से निपटने के लिए जरूरी सामग्री तथा सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य है, ताकि माहौल खराब करने वालों पर निगरानी रखी जा सके।कोतवाल सजंय कुमार ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे पर राजनीतिक व अश्लील गानें न बजाये, ताकि सौहार्द न बिगड़े।अगर कहीं भी ऐसा पाया जाएगा तो आयोजक के विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी।
कल्यानी के संतोष कुमार ने दुर्गा पूजा पंडाल के पास एचटी लाइन गुजरे होने की जानकारी दी, जिस पर एसडीएम ने बिजली विभाग से सामंजस्य स्थापित कर समस्या का निदान कराने की बात कही, पुरबारा के शिवप्रसाद मिश्रा ने पांच वर्षों बाद तथा धौरहरा के अंकित ने पहली बार आयोजन की जानकारी दी,मवई गाँव की दुर्गा पूजा कमेटी ने नवरात्रि के पहले दिन गाँव के देवरीनमल बाबा से लेकर गौरी शंकर मंदिर तक कलश यात्रा निकालने की जानकारी दी।
इस मौके पर अपराध निरीक्षक सियाराम राजपूत, ग्राम प्रधान आनंद पांडेय, रामफेर पटेल, साजू नकवी, बृजेश यादव,सभासद राज गुप्ता व शैलेश गुप्ता, केके तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
—————————————–
एनटीपीसी ऊँचाहार 40 युवाओं को सीपेट से रोजगार परक प्रशिक्षण दिलाकर भविष्य करेगी रोशन
ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊँचाहार ने अपने नैगम सामाजिक दायित्व के तहत एक कल्याणकारी कदम उठाते हुए परियोजना के आसपास के 15 ग्राम सभाओं से चयनित 40 युवाओं को रोजगार प्रदान करने हेतु सीपेट (सेंटर फॉर प्लास्टिक इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) लखनऊ के साथ युवाओ को मशीन ऑपरेटर – प्लास्टिक प्रसंस्करण के तकनीकी प्रशिक्षण हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया।

यह हस्ताक्षर एनटीपीसी ऊँचाहार के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख अभय कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में मानव संसाधन प्रमुख, रूमा दे शर्मा एवं सीपेट के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पुनीत भार्गव ने किया।
परियोजना प्रमुख अभय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि एनटीपीसी ऊँचाहार प्रबंधन स्थानीय युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए संकल्पित है। सीपेट के साथ यह साझेदारी न केवल युवाओं को तकनीकी ज्ञान प्रदान करेगी, बल्कि उनके कैरियर को संवारने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
इस अवसर पर श्रीवास्तव ने बस को हरी झंडी दिखाकर युवाओं को प्रशिक्षण के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में अनुपमा श्रीवास्तव, अध्यक्षा, प्रियदर्शिनी लेडीज़ क्लब , दिलीप कुमार साहू, महाप्रबंधक (प्रचालन), एस. यू. हरिदास, महाप्रबंधक (अनुरक्षण), रंजिता, वरिष्ठ सदस्या, पीडीएलसी, राजेश श्रीवास्तव (एसडीएम ऊँचाहार), यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी एवं पीडीएलसी समिति के सदस्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह आवासीय प्रशिक्षण सीपेट और एनटीपीसी के संयुक्त प्रयास से सम्पन्न होगा जिसमें चार महीने तक युवाओं को तकनीकी कौशल प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के उपरांत उन्हें विभिन्न रोजगार अवसरों से जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर चयनित युवाओं और उनके परिवारों ने एनटीपीसी और सीपेट का आभार व्यक्त किया।



