आकांक्षा दुबे केस: गाजियाबाद कोर्ट ने समर सिंह को वाराणसी पुलिस को ट्रांजिट रिमांड पर दिया

स्टार एक्सप्रेस / संवाददाता

दिल्ली। आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामले में आरोपी सिंगर समर सिंह को आज वाराणसी पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद की सीजेएम कोर्ट में पेश किया। इस दौरान गाजियाबाद कोर्ट ने समर सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर दिया है। अब उसे पुलिस वाराणसी ले जाएगी। बता दें कि आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी समर सिंह गाजियाबाद में अपने दोस्त के फ्लैट में छिपा था। वाराणसी और गाजियाबाद पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आकांक्षा दुबे की मां ने कोर्ट से लगाई गुहार

बता दें कि, इससे पहले आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कोर्ट से गुहार लगाई। मधु दुबे ने कहा कि आरोपियों को बचाने की कोशिश हो रही है। इस पूरे मामले की जांच कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए।

आकांक्षा दुबे को ब्लैकमेल कर रहा था

आकांक्षा दुबे की मां ने कहा कि समर सिंह आकांक्षा दुबे की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। वो उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देता था और उसके साथ गुलामों की तरह व्यवहार करता था। आकांक्षा दुबे की मां ने कहा कि समर सिंह ने कई वीडियो में आकांक्षा से काम करवाया और फिर उसका सारा पैसा अपने पास रख लिया। जब आकांक्षा ने इसका विरोध किया तो वो उसके साथ मारपीट करता था।

 वाराणसी के एक होटल में मिला था शव

25 मार्च को भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का शव वाराणसी के एक होटल में मिला था। आकांक्षा भोजपुरी फिल्मों के सिंगर समर सिंह के साथ रिलेशनशिप में थी। इसी साल वैलेंटाइन्स डे पर आकांक्षा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर समर सिंह के साथ तस्वीर शेयर कर इस रिश्ते का इजहार किया था। आकांक्षा की मां मधु दुबे ने बेटी की मौत को खुदकुशी नहीं, बल्कि कत्ल बताया है। उन्होंने इस कत्ल के लिए समर सिंह को जिम्मेदार बताया है।

Related Articles

Back to top button