विभागों में खाली पदों पर भर्ती को लेकर सीएम योगी का बड़ा फैसला…

स्टार एक्सप्रेस
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) एक्शन मोड में हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बड़ा फैसला करते हुए कहा कि सरकारी महकमों में खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए। इसके लिए मुख्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों को खास निर्देश दिए। भर्ती के लिए विभागों में नए सिरे से खाली पदों का सर्वे किया जायेगा।

सीएम योगी शनिवार को योजना भवन में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी सरकार के एजेंडे के बारे में निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष रोजगार के मुद्दे को प्राथमिकता से लेते हुए कार्रवाई करें। विभागों में भर्ती अभियान चलाया जाए और अधिकारी अपने विभागों में भर्ती की प्रक्रिया को गति दें। विभागों में कितने पद खाली हैं। इसकी सूची तैयार की जाए और भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाई जाए। भर्ती में पारदर्शिता और ईमानदारी को हर हाल में प्राथमिकता पर रखा जाए।

ये भी पढ़ें – फ्री राशन के बाद सीएम योगी का एक और बड़ा फैसला, गोरखपुर से काशी के हवाई सेवा की शुरूआत 

इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हर विभाग में पहले सौ दिन, छह माह व एक साल का लक्ष्य तय किया जाए। अधिकारी समय से कार्यालय आएं। फाइलों को कतई न लटकाएं। ई-आफिस को पूरी तरह लागू किया जाए। सीएम ने कहा कि पहले हमारी चुनौती कुव्यवस्था से थी, हमने सुशासन की स्थापना की। अब सुशासन को और मजबूती देने के लिए हमारी प्रतिस्पर्धा खुद से है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप ‘नये भारत का नया उत्तर प्रदेश’ आकार ले रहा है। इस कार्य को और तेज किया जाए। जनता शासन पर पैनी नजर रखती है और अन्त में उसी के अनुरूप फैसला करती है। जनता-जनार्दन के लिए जो सरकार अच्छा कार्य करती है, उसे दोबारा मौका भी मिलता है।

जानिये किस विभाग में कितने पद हैं खाली

आईटीआई अनुदेशक     2504
लेखपाल                       8085

एएनएम                        9212
गन्ना पर्यवेक्षक              2500

कनिष्ठ सहायक            2000
प्रयोगशाला सहायक    1200

ईओ व जेई                2200
रोडवेज                   1500

सिंचाई विभाग          800

Related Articles

Back to top button